आईपीपीबी का बिजनौर में सांसद ने किया शुभारंभ
बिजनौर। भारतीय डाक विभाग की ओर से शुरु की गई इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) का बिजनौर में विधिवत रूप से शुभारंभ हो गया। अब डाकघरों में जिले के लोगों को बैंक जैसी सुविधाएं मिलने लगेंगी। सिर्फ एक कॉल करते ही डाकिया कैश लेकर उपभोक्ताओं के घर पर पहुंचेगा। इस अवसर पर अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
शनिवार को टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद डा. यशवंत सिंह व डाक अधीक्षक राममिलन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि डा. यशवंत सिंह ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि आज ही देश के प्रधानमंत्री ने देशवासियों को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का तोहफा दिया है। इसके माध्यम से बैंक स्वयं उपभोक्ता के द्वार पर पहुंचेगा। उन्होनें बताया कि इस बैंक के द्वारा वे सभी सुविधाएं उपलब्ध होगीं जो बैंक के माध्यम से उपभोक्ताओं को मिलती हैं। भविष्य में इसमें और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भारत के मध्य एवं निर्धन वर्ग को बहुत अधिक लाभ प्राप्त होगा। डाक अधीक्षक राममिलन ने बताया कि यह सुविधा पूर्णत: पेपरलेस है। पोस्टमैन शहर से लेकर गांवों तक नए खाते खोलेंगे। इसके लिए आवेदक को आधारकार्ड और मोबाइल पर अंगुठे के निशान देने होंगे। डाक अधीक्षक के मुताबिक यह सुविधा मिलने से लोगों का डाकघरों से जुड़ाव बढ़ेगा। साथ ही बैंकों जैसी सुविधाएं मिलने से डाकघरों का काम भी बढ़ जाएगा। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक शुरू के बाद डाक विभाग पोस्ट ऑफिस के खाताधारकों को डोर स्टेप बैंक जैसी सुविधाएं देगा। इसके बाद घर बैठे ही खाताधारक कॉल कर पोस्टमैन से रुपए मंगा सकेगा।
इस अवसर पर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर देवेंद्र कुमार, विनय भटनागर, जीएम दूरसंचार यूसुफ अली, ओमकार शर्मा, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
नगीना उप डाकघर में विधायक ओमकुमार ने किया उद्घाटन
नगीना। उप डाकघर नगीना में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक शाखा का उद्घाटन नहटौर विधानसभा से भाजपा विधायक ओमकुमार ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस आईपीपीबी से छोटे कारोबारियों, विद्यार्थियों, गृहणियों, वरिष्ठ नागरिकों, किसानों को भुगतान करने के मामले में पोस्टमैन आपके घर तक सुविधा उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक ओमकुमार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी तक जन सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस जनहित योजना का शुभारंभ किया है। उन्होंने बताया कि जिस डाकघर को लोग भूलने लगे थे देश के प्रधानमंत्री ने उसी डाक व्यवस्था का नवीनीकरण करके एक नया रूप प्रस्तुत किया है।
एसडीएम गजेंद्र सिंह ने इस योजना का लाभ उठाने के लिए लोगों से अपील करते हुए अधिक से अधिक खाते खुलवाने के लिए कहा।
अशोक कुमार, सुरेंद्र कुमार निवासी नगीना को इस योजना के तहत खाते खुलवाने के लिए दोनों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही डाकपाल जेपी भारती ने मुख्य अतिथि ओमकुमार व एसडीएम नगीना को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। डाक निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि आज ही क्षेत्र के गांव भोगली, इस्लामाबाद, हैजरपुर के उप डाकघरों में भी इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शाखा का शुभारंभ किया गया है।
कार्यक्रम में नरेेंद्र सिंह, सतीश कुमार, भाजपा नेता अनूप वाल्मीकि, अजीत अग्रवाल, प्रमोद चौहान, लोकेंद्र त्यागी, अरविंद गहलोत, डा. भूपेश चौहान, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।