उझारी। रक्षाबंधन के गांव सौंहत में बाबा जहारवीर के सालाना मेले में दंगल का आयोजन हुआ। दंगल में पहलवानों ने खूब दमखम दिखाया। लगातार तीन कुश्तियां जीतकर मौसम अली ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
रविवार को दंगल का शुभारंभ उझारी चौकी इंचार्ज संजीव कुमार बालियान और अंतरराष्ट्रीय कोच अनुज त्यागी ने किया। पहली कुश्ती में सहारनपुर के पहलवान बाबर ने अमरोहा के विकास को चित कर दिया। रुड़की के बादल ने पानीपत के सोनू को धूल चटा दी। पंजाब के मौसम अली ने हरियाणा के सुरेंद्र को पटखनी दी। लोनी के राजू कुमार ने बागपत के दीपक को चित कर दिया। गंगोह के पहलवान बाबर अली ने दौरारा के दानिश को धूल चटाई। गाजियाबाद के इरफान को अमरोहा के रिजवान ने हरा दिया। इंदौर के पहलवान जगजीवन को रुड़की के बादल ने पटखनी दी। दंगल में पंजाब से आए मौसम अली ने लगातार तीन कुश्ती जीत कर पांच हजार रुपए की ट्राफी अपने नाम कर ली। रेफरी की भूमिका हाफिज अफजाल ने निभाई। इस मौके पर ग्राम प्रधान संतोष कुमार, थानाध्यक्ष सैदनगली किरन पाल सिंह, विवेक कुमार, गंगाशरन खड़गवंशी, अंकुर सिंह त्यागी, दिनेश कुमार, गंगा प्रसाद, शिवराज सिंह, देशराज सिंह, ठाकुर सैनी, विनोद शर्मा, वीरेंद्र नगर, हेम सिंह गुर्जर, महेंद्र सिंह, साजिद अली आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।