वसीयत कराने मां को कलक्ट्रेट लाए बेटे दबोचे
बिजनौर। गांव मुंढ़ाला निवासी अनीसुद्दीन ने सोमवार को पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई शजुद्दीन, रजा व महतर उसकी बूढ़ी मां अकीला को से जबरन जमीन की वसीयत कराने के लिए बिजनौर गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों बेटों को एसपी ऑफिस के सामने से पकड़ लिया। तीनों भाईयों ने पुलिस को बताया कि अनुसद्दीन ने मां से धोखे से तीन बीघा जमीन की वसीयत करा ली है। शिकायत पर पुलिस ने अनीसुद्दीन को भी पकड़ लिया। पुलिस चारों आरोपियों को थाने ले गई। बताया जाता है कि चारों भाईयों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सीओ सिटी गजेंद्रपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
कार्रवाई की मांग
बिजनौर। गांव मुजफ्फरपुर केशो निवासी विरेंद्र कुमार ने एसपी कार्यालय में दिए पत्र में बताया कि उसका बेटा शुभम टैंपू चलाता था। 11 मार्च को गांव का ही एक व्यक्ति उसके बेटे को टैंपू के साथ ले गया। सुबह को उसका बेटा रावली के पास मृत हालत में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। गांव वालों के कहने पर उसने पोस्टमार्टम नहीं कराया। आरोप लगाया कि उसके बेटे को ले जाने वाला व्यक्ति शुभम को मारने का दावा करते हुए दूसरे बच्चों को भी मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की मांग की है।