नजीबाबाद । चीनी मिल कर्मचारियों ने चीनी मिल को राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार मिलने के बाद कर्मचारियों को पारितोषिक न मिलने का विरोध किया। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधी।
विज्ञापन
किसान सहकारी चीनी मिल और आसवनी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक धर्मपाल चौहान, हरिराज सिंह, सतेंद्र गौतम, टीकाराम सिंह, सतपाल सिंह, मुख्तयार सिंह के नेतृत्व में चीनी मिल एवं आसवनी इकाई कर्मचारियों ने चीनी मिल प्रशासन से मिल को राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार दिलाने वाले कर्मचारियों को पारितोषिक न देने का विरोध किया। कर्मचारियों का कहना था कि लगभग एक दशक से अधिक अवधि से चीनी मिल लगातार कर्मचारियों की मेहनत से राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्राप्त कर रही है। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने कर्मचारियों को पारितोषिक देने का आश्वासन दिया था, उसे पूरा नहीं किया। गन्ना विभाग, रसायन विभाग, अभियांत्रिकी कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधी। कर्मचारी नेता धर्मवीर चौहान, उमेशचंद शर्मा, नरेंद्र चौहान, लाखन यादव, सुभाष गहलौत, घनश्याम सिंह, विनोद कुमार ने भी चीनी मिल प्रशासन की ओर से पारितोषिक देने का आश्वासन पूरा न करने पर चिंता व्यक्त की।