बिजनौर। प्रशासन ने निकाय चुनाव की मतगणना के इंतजाम कर लिए हैं। मतगणना तहसीलवार होगी। जिले की 12 नगरपालिकाओं व छह नगरपंचायतों की मतगणना के लिए 341 टेबल लगेंगी। मतगणना में 1705 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रशासन ने मतगणना के लिए प्रत्याशी तथा एजेंट बनने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं।
एडएीम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल के अनुसार जिले की 12 नगरपालिका व छह नगरपंचायत में कुल 862 मतदेय स्थल हैं। इनमें 229 प्रत्याशी अध्यक्ष पद का तथा 2112 प्रत्याशी वार्ड सदस्य पद का चुनाव लडे हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव की मतगणना के लिए 202 टेबल लगेंगी। सबसे अधिक 19-19 टेबिल अध्यक्ष पद के लिए नगीना व चांदपुर में हैं। बिजनौर व नहटौर नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए 18-18 टेबल हैं। नगरपालिकाओं में सबसे कम टेबिल मात्र छह टेबिल हल्दौर में हैं। वार्ड सदस्य पद की मतगणना के लिए कुल 139 टेबल लगेंगी। सबसे अधिक 14 टेबल नगरपालिका नजीबाबाद में हैं। नगरपंचायतों में सहसपुर व बढ़ापुर में अध्यक्ष पद की मतगणना के लिए सबसे अधिक सात सात टेबिल हैं।
कहां कितनी टेबल
अध्यक्ष पद की मतगणना
नगरपालिका टेबल की संख्या
नजीबाबाद 19
किरतपुर 14
नगीना 19
चांदपुर 19
नूरपुर 08
धमपुर 14
नहटौर 18
स्योहारा 13
शेरकोट 13
अफजलगढ 07
बिजनौर 18
हल्दौर 06
नगरपंचायत टेबल की संख्या
जलालाबाद 05
साहनपुर 05
बढापुर 07
सहसपुर 07
झालू 05
मंडावर 05
सभी आंकडे़ निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त
बिजनौर। मतगणना में कुल 341 टेबल लगेगी । एक टेबिल पर एक पर्यवेक्षक व चार मतगणना कर्मचारी होंगे। इस प्रकार एक टेबिल पर पांच कर्मचारी तैनात हैं। सबसे अधिक मतगणना कर्मचारी नजीबाबाद तहसील में हैं।
कड़ी सुरक्षा में रखी मतपेटी
बिजनौर। निकाय चुनाव की मतपेटियां कड़ी सुरक्षा में रखी गई हैं। कुल 18 स्ट्रांग रूम में मतपेटी रखी हैं। पुलिस के पुख्ता इंतजाम हैं। मतपेटियों की सुरक्षा के लिए चार चार सशस्त्र सुरक्षाकर्मी चक्रवार तैनात हैं। मतपेटी सुरक्षा चौबीस घंटे रहेगी। रैंडम चेकिंग के लिए अधिकारी लगे हैं। स्ट्रांग रूम तहसीलवार हैं। किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंध है। मुख्य गेट पर भी पुलिस तैनात हैं।
एजेंट के पास बनने हुए शुरू
बिजनौर। एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल के अनुसार मतगणना कासमियां इंटर कालेज नजीबाबाद, हिंदू इंटर कालेज नगीना, गुलाब सिंह डिग्री कालेज चांदपुर, केएम इंटर कालेज धामपुर तथा आरजेपी इंटर कालेज बिजनौर में होगी। प्रत्याशी संबंधित तहसील परिसर में अपने आरओ से संपर्क करके पास बनवा लें। पास मतगणना से पूर्वतक बनेंगे।