धामपुर। गांव मटौरा दरगाह में ऋण माफी योजना के तहत वसूली करने के आरोप में पकड़े गए राजस्वकर्मियों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। तहसीलदार ने लेखपाल को नोटिस जारी कर इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। लेखपाल राहुल देव का कहना है कि उसका इस मामले में कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
तहसीलदार सुरेश कुमार ने बताया कि उनके द्वारा तहसील के सभी लेखपालों को निर्देश दिए हैं कि उनके संज्ञान में किसी भी प्रकार की वसूली की शिकायत नहीं आनी चाहिए। यदि ऐसा होगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। तहसीलदार ने बताया कि जो लोग गांव मटौरा दरगाह में रविवार को वसूली करते पकड़े गए हैं उनके खिलाफ जांच कराई जा रही है। गौरतलब है कि रविवार को मटौरा गांव में दो तथाकथित राजस्वकर्मी ऋण माफी योजना के तहत सूची का सत्यापन करने के नाम पर ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और इसकी शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम और तहसीलदार दोनों से की थी। एसडीएम के कहने से ग्रामीणों ने बंधक बने दोनों लोगों को मुक्त किया था।