3490 विद्यार्थियों ने दी एकेटीयू राज्य प्रवेश परीक्षा
बिजनौर। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय लखनऊ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए परीक्षा दी। परीक्षा में 3490 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 20 प्रतिशत ने परीक्षा नहीं दी।
रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। आरवीआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा तीन पालियों में संपन्न हुई और कुल 1612 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए आरवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को परीक्षा केंद्र बनाया गया। पहली पारी सुबह नौ से 11 बजे तक, दूसरी दोपहर 12 से तीन बजे तक, तीसरी पाली की परीक्षा शाम चार से बजे से साढ़े छह बजे तक रही। परीक्षा में कुल 1612 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्र के नोडल अधिकारी परितोष शर्मा, केंद्र नियंत्रक संदीप कुमार, पंकज कुमार, आरवीआईटी के परीक्षा केंद्र अधीक्षक डॉ. एके सिंह, सहायक केंद्र अधीक्षक विपिन कुमार, अमित कुमार के साथ साथ समस्त स्टाफ के सहयोग से यह परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
बीआईटी में केंद्र अधीक्षक एवं उप निदेशक अजय गुप्ता के मार्गदर्शन में शासन द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्र बीआईटी पर करीब 900 परीक्षार्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। इस परीक्षा को सफलतापूर्वक कराने के लिए बीआईटी प्रबंधन ने कोविड-19 की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए थे। समस्त कक्ष निरीक्षकों ने थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी। इस दौरान समस्त छात्रों को मास्कों का भी वितरण किया गया।
कुंवर सत्यवीरा कॉलेज में यूपीएसईई-2020 की परीक्षा संपन्न हुई। रविवार को अब्दुल कलाम टैक्नीकल यूनिवर्सिटी लखनऊ द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा राज्य के कुंवर सत्यवीरा कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया। कॉलेज के केंद्र अधीक्षक डॉ. स्वतंत्र पोरवाल ने बताया कि कॉलेज में इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में प्रवेश के लिए एक दिवसीय परीक्षा आयोजित की गई, जो कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुरूप बड़े ही शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। यूनिवर्सिटी की ओर से नियुक्त केंद्र नियंत्रक शैलेंद्र सिंह और अजय सिंह की देखरेख में परीक्षा सफलतापूर्वक हुई। सहायक केंद्र अधीक्षक मनोज कुशवाहा, सभी विभागों के विभटागाध्यक्ष, सुनील भारद्वाज, राजीव कुमार, एनपीएस भंडारी आदि का सहयोग रहा।