वासंती बयार जग में आने लगी... से किया वसंत ऋतु का स्वागत
नजीबाबाद। महिला काव्य मंच के गठन पर काव्य संध्या आयोजित की गई। मंच के लिए मंजू जौहरी जिलाध्यक्ष और इंदु गुप्ता को संरक्षिका चुना गया।
नगर की आनंद निकेतन कॉलोनी में महिला काव्य मंच का गठन और काव्य संध्या का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि एसडीओ ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि प्रतिभा मिश्रा की उपस्थिति में संस्थापक नरेश नाज की संस्था महिला काव्य मंच की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से समाजसेवी इंदु गुप्ता को संरक्षिका, मंजू जौहरी मधुर को जिलाध्यक्ष, रचना शास्त्री का जिला उपाध्यक्ष और नीमा शर्मा को महिला काव्य मंच की महामंत्री मनोनीत किया गया।
इंदु गुप्ता की अध्यक्षता में काव्य संध्या का आयोजन किया गया। दीपाली सिंघल की रचना क्यों बेटियों को बोझ समझते दुनियावाले..., नीमा शर्मा की रचना परवाना बनकर हम तो यूं ही खाक हो गए..., रचना शास्त्री की रचना जीवन की हरीतिमा पर समृद्धिगान लिखा मैंने..., मंजू जौहरी की रचना ऋतु वसंत ने दी है दस्तक..., सुमन वर्मा की रचना वासंती बयार जग में आने लगी... और प्रतिभा मिश्रा की रचना गंगा मइया तोरी महिमा अपार रचना सराही गई। काव्य मंच गठन और काव्य संध्या में सत्येंद्र गुप्ता, लाल बहादुर शास्त्री, अजय जौहरी, मानवी सिंघल, मनीता चौहान, नववर्षा, वाणी चौहान, एकांश चौहान उपस्थित रहे।