गोशाला की जमीन को कब्जा मुक्त कराया
अफजलगढ़। एसडीएम ने नगर पालिका की टीम को साथ लेकर गोशाला की .0725 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। पालिका की ओर से इस जमीन को गोशाला के लिए चयनित किया गया था। आरोपी को पालिका की ओर से कई बार जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। आरोपी को चेतावनी दी गई है कि यदि उसने दोबारा जमीन पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पालिका के ईओ धर्मराज राम ने बताया कि मोहल्ला किला गड्ढा कॉलोनी में अमला नदी के पुल के समीप ग्राम समाज की जमीन को गोशाला बनवाने के लिए चिह्नित किया गया था। लेकिन इस भूमि को अपनी बता मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा था। इस जमीन में उसने गेहूं की फसल बो रखी थी। इसकी शिकायत नागरिकों ने मुख्यमंत्री से की थी। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने मंगलवार को पालिका अधिकारियों को साथ लेकर जेसीबी मशीन से फसल को नष्ट करा दिया। इस मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। ईओ ने बताया कि भूमि पर गोशाला निर्माण कराया जा रहा है। जिसके लिए शासन से एक करोड़ रुपये भी आ चुके हैं। बुधवार से जमीन की चाहरदीवारी का निर्माण कार्य शुरू होगा। आरोपी व्यक्ति से कई बार भूमि खाली करने के लिए कहा गया था। बावजूद इसके उसने इसमें गेहूं की फसल बो दी। एसडीएम की ओर से हिदायत दी गई है कि यदि आरोपी ने फिर से जमीन पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।