अतिक्रमण करने वालों से 13 हजार रुपये जुर्माना वसूला
बिजनौर । जिला प्रशासन ने सोमवार अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की शुरूआत कर दी है। सोमवार को अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर अर्थदंड लगाते हुए 13 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम बृजेश सिंह व सीओ सिटी महेश कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। रोडवेज चौराहे से शुरू हुआ अभियान सब्जी मंडी पहुंचा। वहां पर सड़क पर इतना अतिक्रमण था कि अधिकारियों के पहुंचते ही जाम लग गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की व उन पर अर्थदंड लगाया गया । सब्जी मंडी में अतिक्रमण करने वालों से 13 हजार रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। कई अतिक्रमणकारी अपना सामान लेकर चंपत हो गए। ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी के अनुसार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान सफाई निरीक्षक अमित गौतम, हिमांशु आदि मौजूद रहे।