शिक्षकों को तबादले की दूसरी सूची का इंतजार
बिजनौर। शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादला सूची से आवेदन करने वाले सभी शिक्षकों के तबादला नहीं होने से उनमें रोष है। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को भेजे मांग पत्र में तबादला चाहने वाले सभी शिक्षकों के तबादले उनके गृह जनपद में करने की गुहार लगाई है।
शासन ने अंतर जनपदीय तबादला सूची जारी होने के एक सप्ताह बाद भी शिक्षकों को दूसरी सूची जारी होने की उम्मीद है। जिले के 280 शिक्षकों ने तबादले की अर्जी लगाई थी। बीएसए कार्यालय की माने तो अंतर जनपदीय तबादले के लिए 70 शिक्षकों को उनके गृह जनपद के लिए रिलीव कर दिया गया है। जबकि दूसरे जनपदों से अभी तक 50 शिक्षकों ने ही बीएसए कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई है। शिक्षकों का कहना है कि तबादले के लिए आवेदन करने वाले सभी शिक्षकों को लाभ मिलना चाहिए।
उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष सुहेल अख्तर बेग ने बताया कि संघ के प्रांतीय अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा व महामंत्री ठाकुर संजय सिंह ने मामले में सचिव बेसिक शिक्षा से मिल कर तबादला चाहने वाले शिक्षकों का तबादला उनके गृह जनपद में करने की मांग की है। इसके लिए संघ ने सचिव बेसिक शिक्षा को मांग पत्र भी सौंपा है। ताकि ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने से पूर्व ही शिक्षकों को तबादले का लाभ मिल सके।
खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले
बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले का सिलसिला जारी है। अपर शिक्षा निदेशक सेवाएं दो स्वराज भूषण त्रिपाठी ने सहारनपुर के खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार कौशिक का जनपद संभल के लिए तबादला किया था। उनके आदेश को संशोधित कर अब जनपद बिजनौर के लिए तबादला किया गया है। इससे पूर्व जनपद बिजनौर से ब्लाक हल्दौर के खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा का तबादला सहारनपुर जनपद के लिए किया गया है। शासन स्तर से तबादलों में संशोधन होने से अभी और भी बीईओ के तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। तबादलों को लेकर शिक्षा विभाग के खंड़ शिक्षा अधिकारी लखनऊ के चक्कर लगा रहे हैं। बताया जाता है कि जिन खंड शिक्षा अधिकारियों को एक मंडल में कार्य करते हुए दस साल बीत गए हैं, उनका तबादला दूसरे मंडल के जनपद में होना है।