बैंक शाखा प्रबंधक के खिलाफ हो कार्रवाई
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ब्लाक हल्दौर के अध्यक्ष चौधरी वेदप्रकाश सिंह ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के जिला प्रबंधक को दिए शिकायती पत्र में पावटी बैंक के शाखा प्रबंधक को हटाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में शाखा प्रबंधक पर ग्राहकों की धनराशि उनके खातों से दूसरे खातों में बिना अनुमति के ही जमा करने का आरोप लगाया है।
कलक्ट्रेट का घेराव करेंगे किसान
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष चौधरी विजय पाल सिंह सहरावत ने कहा है कि यदि किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बढ़ी विद्युत दरों को वापस कराने, गंगा का कटान रोकने, 60 वर्ष से अधिक आयु के किसान, मजदूरों की पेंशन पांच हजार रुपये मासिक कराने की मांग की। किसानों से 19 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया है।
अमित कुमार अध्यक्ष चुने गए
बिजनौर। उप्र चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लिए मदन सिंह संरक्षक, अमित कुमार अध्यक्ष, सोनू वरिष्ठ सहायक, मोहम्मद रियाज महामंत्री, हरीश चंद्र गुप्ता कोषाध्यक्ष, विपिन कुमार संगठन मंत्री चुने गए।
संजय बने ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष
बिजनौर। अखिल भारतवर्षीय जिला ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने गांव रावटी निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा को जलीलपुर ब्लाक का अध्यक्ष मनोनीत किया है।
जन समस्याओं का हो निस्तारण
बिजनौर। जन अधिकार पार्टी ने प्रदेश के राज्यपाल के नाम भेजे मांग पत्र में अति पिछडे़ वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की है। जिला प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि प्रदेश के राज्यपाल के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया है। जिसमें जीएसटी की समस्याओं का निस्तारण करने, किसानों के लिए बिजली मुफ्त कराने, शिक्षामित्रों, आंगनबाड़ियों की समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की है।
शराब की बिक्री पर लगे रोक
बिजनौर। गांव मुजफ्फरपुर केशो के ग्रामीणों ने डीएम जगतराज का दिए शिकायती पत्र में गांव में अवैध रूप से बेची जा रही शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। ग्राम प्रधान विनोद, निहाल सिंह, कुलवीर सिंह, पूर्व प्रधान वीर सिंह, ओमपाल सिंह, अमर सिंह, गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके गांव में धड़ल्ले के साथ अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। पुलिस व आबकारी विभाग से कई बार शिकायत की गई पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।