बिजनौर में केपीएस इंटर कॉलेज से बीएड की प्रवेश परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी। संवाद
- फोटो : परिजन।
बिजनौर। जनपद में सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बीएड प्रवेश परीक्षा में 3384 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2773 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 611 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की नजर में तथा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा।
जनपद में रविवार को राजकीय बालिका इंटर काॅलेज बिजनौर, केपीएस कन्या इंटर कॉलेज, आरबीडी महिला महाविद्यालय, राजा ज्वाला प्रसाद आर्य इंटर कालेज बिजनौर, वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर, बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर, डीएवी इंटर कॉलेज बिजनौर केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट, सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट, तीन रिजर्व स्टेटिक मजिट्रेट तैनात रहे।
परीक्षा शांतिपूर्वक कराने के लिए हर केंद्र पर दो दो पर्यवेक्षक तैनात किए गए। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश लिया। तलाशी लेने के उपरांत परीक्षार्थी कक्ष में पहुंचे।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि प्रथम पाली में 2773 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 611 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 631 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने कहा कि परीक्षा में प्रश्न पत्र अच्छा आया था। उनकी तैयारी वाले पाठ्यक्रम में ही प्रश्न आए। परीक्षार्थी रूपा, राजेश कुमार ने बताया कि इस बार दोनों पालियों में प्रश्न पत्र नहीं दिए और दोनों बार कंप्यूटर से प्रिंट निकलवाकर रोल नंबर ले जाना पड़ा है। पेपर अच्छा रहा है।