बिजनौर में एसपी संजीव त्यागी ने नजीबाबाद में बसपा नेता व प्रॉपर्टी डीलर हाजी अहसान व उनके भांजे शादाब की हत्या कराने वाले शातिर अपराधी शाहनवाज व हत्या करने वाले दोनों शूटर जब्बार अंसारी व दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। तीनों बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कई जगह ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन ये हाथ नहीं लगे। पुलिस ने इन बदमाशों को दबोचने के लिए जाल बिछा रखा है।
28 मई को नजीबाबाद में बसपा नेता व प्रॉपर्टी डीलर हाजी शाहनवाज व उसके भांजे शादाब की दिन दहाड़े कॉम्प्लैक्स कार्यालय में बैठने के दौरान दो शूटरों ने पिस्टल से गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में गांव कनकपुर निवासी शातिर अपराधी शाहनवाज का नाम उभरकर आया। शाहनवाज पूर्वांचल के एक बड़े माफिया से जुड़ा है। पुलिस ने चार जून को नजीबाबाद के गांव उब्बनवाला निवासी मोहम्मद सेवन के पुत्र दानिश को दबोच लिया। दानिश ने पुलिस को बताया कि 14 मई को वह जेल से जमानत पर बाहर आया था।
जलालाबाद के मोहल्ला कुरैशियान निवासी जब्बार अंसारी व कनकपुर निवासी दानिश पुत्र इरफान उससे मिलने गए थे। दोनों ने उसे बताया कि शाहनवाज हाजी अहसान की हत्या कराना चाहता है। दानिश की इस काम में मदद की जरूरत है। योजनाबद्ध तरीके से हाजी अहसान व उसके भांजे की हत्या को अंजाम दिया गया। दानिश पुत्र सेवन दोनों शूटर जब्बार अंसारी व दूसरे दानिश को हत्या करने के बाद बाइक से छोड़कर आया। पुलिस के मुताबिक दानिश व जब्बार अंसारी दोनों शाहनवाज के शूटर हैं। शाहनवाज ने इन दोनों से ही संपत्ति के विवाद में हाजी अहसान व उसके भांजे की हत्या कराई है। पुलिस ने दोनों की तलाश में कई जगह दबिश दी, पर दोनों हाथ नहीं लगे। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक शाहनवाज के अलावा दोनों शूटर जब्बार अंसारी व दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। तीनों की तलाश में पुलिस की कई टीम लगी हैं। इन बदमाशों के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई, पर ये नहीं मिले।