धामपुर के गांव मीमला में चारागाह की जमीन में खड़ी अवैध फसल को रोटरवेटर से जोतता ट्रैक्टर
- फोटो : DHAMPUR
चारागाह की 24 बीघा जमीन कब्जामुक्त कराई
धामपुर। राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को क्षेत्र के गांव मीमला में 24 बीघा चारागाह की जमीन में लोगों की अवैध तौर पर खड़ी गन्ने, चरी, बाजरा की फसल को नष्ट करा कब्जा मुक्त कराया। गांव के एक दर्जन से ज्यादा लोगों का इस जमीन पर कई दशकों से कब्जा था और खेती कर रहे थे। विभाग की ओर से संबंधित लोगों को कई बार जमीन को कब्जामुक्त कराने को नोटिस दिए गए थे।
लेखपाल राहुल देव ने बताया कि यह गांव धामपुर तहसील मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर है। इस गांव में राजस्व विभाग के रिकार्ड में करीब 24 बीघा से ज्यादा जमीन चारागाह में दर्ज है। इस जमीन पर गांव के करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग अवैध तौर पर खेती करते आ रहे थे। इन लोगों से कई बार जमीन को खुद कब्जामुक्त कराने का आग्रह किया। लेकिन भरोसा देने के बाद भी इन पर कोई असर नहीं हुआ। एसडीएम विजय वर्जन तोमर के आदेेश पर पुलिस बल साथ लेकर राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को ट्रैक्टर से जुतवा दिया और कब्जामुक्त कराया।
संबंधित लोगों को हिदायत दी है कि यदि किसी ने फिर से जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। जमीन को कब्जामुक्त कराने वाली टीम में कानूनगो योगेश शर्मा, लेखपाल रूपा रानी, नवाजुद्दीन व राहुलदेव आदि पुलिस बल के साथ शामिल रहे। इस खाली जमीन में मुख्यमंत्री के आदेश पर वृंदावन की तर्ज पर अस्थायी गोशाला का निर्माण होगा। आवारा गोवंशीय पशुओं के खाने के लिए इस जमीन में चारे की बुवाई भी होगी।