कालागढ़ में स्वाइन फ्लू की जांच को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
कालागढ़। नेशनल पार्क की कालागढ़ रेंज के वन अधिकारियों व कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वाइन फ्लू से बचाव की दवा वितरित की। जांच टीम प्रभारी व डिप्टी सीएमओ डा. एसके बर्थवाल ने बताया कि कालागढ़ में स्वाइन फ्लू के वायरस की पुष्टि होने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
नेशनल पार्क की कालागढ़ रेंज में वन दरोगा की एच1एन1 वायरस से मौत होने के बाद वन अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की मांग की थी। जिस पर शनिवार को पौड़ी के डिप्टी सीएमओ डा.एसके बर्थवाल, डा. आकांक्षा व डा. स्वाति नेगी की टीम कालागढ़ पहुंची। पीएचसी प्रभारी देवेंद प्रसाद के साथ टीम कार्बेट नेशनल पार्क की कालागढ़ रेंज अधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां लगभग 127 कर्मियो व नागरिकों के स्वास्थ्य की प्रारंभिक जांच की गई। डा. एसके बर्थवाल ने बताया कि लगभग 32 व्यक्ति संदेह के दायरे में हैं। उनकी जांच के लिए शीघ्र ही माइक्रोबायोलॉजी विभाग की टीम को कालागढ़ भेजा जाएगा। उसके बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा। वर्तमान में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए दवा वितरित की जा रही है। बीमारी होने पर इसी दवा को अधिक प्रभाव के साथ रोगी को दिया जाता है। इस बीमारी का वायरस तेजी से सक्रिय होता है। यहां संक्रमण न हो इसके लिए मास्क व दवा वितरित की गई है। प्रारंभिक जांच मे इस तथ्य पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि मृतक वनकर्मी के संपर्क में आए हुए सभी कर्मियों व पड़ोसियों पर भी जांच का फोकस रखा गया है।