शिव मंदिरों पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बिजनौर । श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर गांव खारी स्थित प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर पर सुबह करीब छह बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। बिजनौर से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु मंदिर पर जलाभिषेक करने आए। मंदिर पर हर- हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
बिजनौर - झालू मार्ग पर मार्ग पर गांव जलालपुर के पास कुबड़ा शिव मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की सुबह से भीड़ रही। बिजनौर व आसपास के इलाके के शिव भक्तों ने मंदिर में जलाभिषेक किया। कस्बा झालू निवासी नरेश अग्रवाल ने मंदिर पर भंडारा भी कराया। बिजनौर में गीता नगरी मंदिर, बालाजी मंदिर, लाखन के घेर में स्थित मंदिर, काली मंदिर समेत कई मंदिरों पर शिव भक्तों की भीड़ रही। कस्बा झालू में मनोकामना शिव मंदिर पर भी सुबह से शिव भक्तों की भीड़ रही। दिन भर श्रद्धालुओं मंदिर पर आते जाते रहे। रामलीला मैदान मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, बड़ा बाजार स्थित शिव मंदिर , महा मृत्युंजय शिव मंदिर पर भी शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा व पूजा अर्चना भी की। तमाम श्रद्धालुओं ने बैराज पहुंचकर गंगा में स्नान भी किया।