एक अगस्त से चलेगा ‘स्वच्छ ग्राम, स्वच्छ जिला’ अभियान
बिजनौर । जिले में एक अगस्त से ‘स्वच्छ ग्राम, स्वच्छ जिला’ अभियान चलेगा । केंद्र सरकार शीर्ष स्थान पर रहने वाले जिलों को गांधी जयंती पर सम्मानित करेगी।
जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार स्वच्छ भारत प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है । केंद्र सरकार ने गांवों को चमन बनाने का बीड़ा उठाया है। इसके अंतर्गत भारत सरकार के पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय द्वारा एक अगस्त से 30 अगस्त तक स्वच्छ ग्राम स्वच्छ जिला अभियान चलेगा । केंद्र द्वारा नामित स्वतंत्र एजेंसी तय बिंदुओं पर गांवों में जाकर सर्वेक्षण करेगी । अभियान में माध्यमिक शिक्षा, बाल विकास, स्वास्थ्य, मंडी परिषद, ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभागों की सहभागिता रहेगी ।
स्वच्छता आंकलन बिंदु अब गांव के लोग ही तय करेंगे कि गांव में सफाई हुई है या नहीं। स्वच्छता सर्वे में पहली बार ग्रामीणों की अहम भूमिका रहेगी। आंकलन में 65 प्रतिशत ग्रामीणों का वेटेज है और 35 प्रतिशत वेटेज सर्विस लेवल प्रगति के है । अभियान के अंतर्गत गांव में शौचालय की उपलब्धता, शौचालय का उपयोग, गांव में कूड़ा करकट की स्थिति, जलभराव की स्थिति आदि सफाई आंकलन के मुख्य बिंदु रहेंगे ।
जिलाधिकारी करेंगे गांवों का दौरा
प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय द्वारा अभियान को लेकर भेजे निर्देश में कहा गया है कि जिलाधिकारी गांवों में जाकर अभियान की प्रगति का निरीक्षण करें और ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाई जाए। जिला पंचायतराज अधिकारी के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक हिदायत दे दी गई हैं, अभियान की कार्ययोजना तैयार की जा रही है ।