बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में निर्माण कार्यों की जांच लखनऊ की टीम करेगी। बीएसए ने रविवार को ऐसे स्कूल, जिनमें निर्माण कार्य हुआ है उन्हें खोलने के निर्देश दिए हैं। सभी शिक्षकों और बीईओ को भी अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने को कहा है। जांच टीम के आने से निर्माण कार्यों के प्रभारी सहमे हुए हैं।
वित्तीय वर्ष 2017-18 में जिन स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्रीवाल, शौचालयों का निर्माण और सेनेटरी भट्टी बनी हैं, उनकी जांच की जानी है। जांच लखनऊ की टीम करेगी। एक जुलाई को जांच टीम सीधे स्कूलों में पहुंच कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखेगी तथा अभिलेखों के रख रखाव को भी देखेगी। जांच टीम के आने से स्कूलों में निर्माण प्रभारी सहमे हैं। शिक्षक और अधिकारी अभिलेखों को ठीक करने में जुट गए हैं। बीएसए महेश चंद्र ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एक जुलाई को रविवार में भी स्कूल खोल कर जांच टीम का सहयोग करने को कहा है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बीईओ, स्कूलों में निर्माण कार्यों के प्रभारी मौके पर मौजूद रहेंगे। साथ ही स्कूलों में निर्माण संबंधी अभिलेख भी साथ रखे। शिक्षकों के अनुपस्थित होने पर कार्रवाई की जाएगी।
यूनिफार्म वितरण के लिए दिया प्रशिक्षण
बिजनौर। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के बीआरसी पर ब्लॉक के प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों को यूनिफार्म वितरण के लिए प्रशिक्षण दिया गया। एडीओ पंचायत प्रमोद वशिष्ठ ने शिक्षकों से शासन के निर्देशों के अनुरूप ही बच्चों को यूनिफार्म उपलब्ध कराने को कहा। मास्टर ट्रेनर पीसी चक्रवर्ती ने बताया कि डीएम ने 15 जुलाई से पूर्व सभी छात्र छात्राओं को यूनिफार्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। समय पर स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समिति व क्रय समिति की बैठक आयोजित कर ली जाए। बीआरसी जमालपुर पठानी में वरिष्ठ एबीआरसी आदर्श कुमार गुप्ता की देखरेख में आयोजित बैठक में एबीआरसी चंद्रपाल सिंह, सरदार हरवंत सिंह, मोहम्मद तारिक, अलीम, दुष्यंत कुमार, नीता सेठी, सुलक्षणा आर्य, ताजवीर सिंह आदि ौजूद रहे।