हज सब्सिडी के नाम पर गुमराह कर रही सरकार : मुअज्जम
नजीबाबाद । हज कमेटी के पूर्व सदस्य एवं समाजसेवी इंजी. मुअज्जम अहमद ने केंद्र सरकार की ओर से हज सब्सिडी समाप्त करने की घोषणा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी हज सब्सिडी नहीं दी और उल्टा हज यात्रियों से दो से ढाई गुना अधिक किराया वसूल किया जाता रहा है।
हज यात्रियों को प्रशिक्षण के साथ कई वर्षों से हज आजमीनों को फार्म भरने की सुविधा दे रहे समाजसेवी और बसपा नेता मुअज्जम अहमद ने दावा किया कि सरकार ने कभी हज यात्रियों को सब्सिडी नहीं दी। उन्होंने हज यात्रियों से हवाई जहाज किराए के रूप में वर्ष 2017 में दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी, श्रीनगर, लखनऊ से सरकारी कोष में जमा कराई गई धनराशि का ब्योरा देते हुए हज यात्रियों से लगभग दो से ढाई गुना किराया वसूल करने का आरोप लगाया गया। मुअज्जम अहमद का कहना है कि हज यात्रियों से हवाई जहाज टिकट किराए के रूप में 62,065 रुपये वसूल किए गए। जबकि आम आदमी का सऊदी अरब हवाई जहाज से 20 से 25 हजार रुपये में टिकट बुक करा लेता है।
मुअज्जम ने कहा कि सऊदी अरब सरकार हाजियों वाले जहाज का कोई एयरपोर्ट चार्ज नहीं जोड़ती और एक तरफ का फ्यूल भी अपनी तरफ से डालती है। उन्होंने सरकार की हज सब्सिडी घोषणा को गुमराह करने वाली नीति बताते हुए झूठी वाहवाही बटोरने का प्रयास बताया। इंजी. मुअज्जम अहमद ने सब्सिडी के नाम पर बड़ी गड़बड़ी का अंदेशा बताते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने और हवाई जहाज के ओपन ग्लोबल टेंडर कराने की मांग की।