बिजनौर। जिले में स्वच्छता की अलख जगाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को महात्मा गांधी जयंती पर दो अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा। डीएम जगतराज, अधिशासी अधिकारी बिजनौर इंद्रपाल सिंह और प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार को सम्मानित किया जाएगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सफाई को विकास के नारे के साथ जोड़ा जा रहा है। गांवों, शहरों, स्कूलों मेें सभी जगह स्वच्छता के लिए अनेक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा जोर गांवों और शहरों को खुले में शौच से मुक्त करने पर दिया जा रहा है। सफाई में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जा रहा है। गांवों को खुले में शौच से मुक्त बनाने के लिए हाल ही में डीएम जगतराज और जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार को प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। अब महात्मा गांधी जयंती पर भी स्वच्छता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। डीएम जगतराज को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नई दिल्ली में होने वाले स्वच्छ दर्पण कार्यक्रम में दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा नगर पालिका बिजनौर अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह तथा हल्दौर ब्लॉक के गांव गौंसपुर टोपरी के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बनाईं प्रेरक फिल्में
प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार ने खुले में शौच न जाने के प्रति जागरूक करने के लिए चार लघु फिल्में बनाईं। ये फिल्म उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे 120 स्वच्छता रथ में प्रदर्शित की जा रही हैं। फिल्म निर्देशक, निर्माता, लेखन से लेकर अभिनय भी कृष्ण कुमार ने ही किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यह फिल्में देखकर कृष्ण कुमार की प्रशंसा की थी।
खुले में शौच से मुक्त हुई बिजनौर नगर पालिका
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बिजनौर नगर पालिका को खुले में शौच से मुक्त घोषित किया जा चुका है। पालिका क्षेत्र में हर 500 मीटर के क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय और एक किलोमीटर के क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय बना है। हर 200 मीटर की दूरी पर यूरिनल बनाने, कूड़े से खाद बनाने और पानी को रिसायकिल करने के प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है।