नजीबाबाद/बड़िया। फुटबॉल टूर्नामेंट के लीग मैच में शंकर क्लब धामपुर ने खालसा यूनाइटेड क्लब बड़िया को 4-0 अंकों से पराजित किया।
थापा फुटबॉल क्लब नजीबाबाद द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में शंकर क्लब धामपुर और खालसा यूनाइटेड क्लब बड़िया की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। मैच के फर्स्ट हाफ में धामपुर और बड़िया की टीमों ने गोल के लिए कड़ा संघर्ष किया, मगर दोनों टीमें एक भी गोल न कर सकीं। सेकेंड हाफ में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धामपुर की टीम ने बड़िया की टीम पर 4-0 की बढ़त बना ली। बड़े अंतर के बाद जबरदस्त दबाव में खेल रही खालसा यूनाइटेड क्लब बड़िया की टीम ने अंतिम क्षणों तक कड़ा संघर्ष किया, मगर मगर टीम के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर सके। धामपुर की ओर से विपुल ने दो एवं भीम व आशीष ने एक-एक गोल किया।
रेफरी डॉ.जीशान रिजवी, शन्नी, राज क्षेत्री की देेखरेख में खेले गए लीग मैच से पहले मुख्य अतिथि लवली चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय लेते हुए मैच को प्रतिस्पर्धा के चरम पर ले जाने के साथ साथ मैत्रीभाव को भी महत्व देने की सलाह दी। थापा फुटबॉल क्लब के प्रबंधक रवि थापा ने बताया कि मंगलवार (आज) थापा फुटबॉल क्लब और सिटी क्लब के बीच लीग मैच खेला जायेगा।