मंडावर। अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन का चाबुक चल ही गया। नगर पालिका ओर पुलिस टीम ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। बृहस्पतिवार को नगर पालिका ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को कब्जे में ले लिया। कई दुकानदार अपना फड़ समेटकर भाग गए। ईओ संदीप कुमार के अनुसार अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी रहेगा। स्थायी अतिक्रमण और अवैध तरीके से टीन शेड लगवाने वालों को भी चिह्नित कर उन्हें शुक्रवार तक अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दे दी है।
आज मिलेंगी पीओएस मशीनें
बिजनौर। उर्वरक विक्रेताओं को देने के लिए जिले को 200 पीओएस मशीनें जिले को दी गई हैं। जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश मिश्र के अनुसार 18 अगस्त को कृषि भवन बिजनौर के सभागार में सुबह दस बजे पीओएस मशीनें दुकानदारों को वितरित की जाएंगी। दुकानदारों से उर्वरक विक्रय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, फर्म का लैटर पैड, स्टॉक पंजिका और मोबाइल का थ्रीजी या फोरजी सिम लेकर आने को कहा गया है।