सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर ताले
बिजनौर।
ग्रेच्यूटी की सीमा बढ़ाने सहित कई मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्रामीण इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक की सभी 79 शाखाओं पर ताले लटके रहे। हड़ताल से करीब 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक का स्टाफ क्षेत्रीय कार्यालय पर एकत्र हुआ और प्रदर्शन किया। यूनियन सचिव हरेंद्र त्यागी ने बैंक में पेंशन स्कीम लागू करने, अनुकंपा नियुक्तियां, ग्रामीण बैंकों में राष्ट्रीयकृत बैंकों के समान सेवा शर्तें लागू करने की मांग की। अजय कुमार ने कहा कि पूरे देश में ग्रेेच्युटी की सीमा बढ़ाकर 20 लाख की गई है, लेकिन सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में अब तक दस लाख ही ग्रेच्युटी दी जा रही है। विनीत कुमार ने कहा कि ग्रामीण बैंकों का निजीकरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। इस संबंध में वित्त मंत्री अरुण जेटली को संबोधित ज्ञापन क्षेत्रीय प्रबंधक शिवदास को सौंपा गया। इस दौरान राजीव शर्मा, जीतेंद्र जीतू, संजीव शरद, संजीव अग्रवाल, विश्वास शर्मा, कमलदीप, मयंक आदि मौजूद रहे।