बिजनौर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के जिले में बनाए गए चार मूल्यांकन केंद्रों पर दूसरे दिन मूल्यांकन ने तेजी पकड़ी। शुक्रवार को हाईस्कूल की 21 हजार तथा इंटर की 14 हजार से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
शनिवार को ईद का अवकाश रहेगा। इसके बाद रामनवमी के अवकाश पर भी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं होगा। जिले में हाईस्कूल के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर और बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज और आरजेपी इंटर कॉलेज में चल रहा है। दूसरे दिन बारिश के बावजूद चारों केंद्रों पर परीक्षक समय से पहुंचे और मूल्यांकन किया।
राजकीय इंटर कॉलेज को इंटर की 99 हजार 475 तथा आरजेपी इंटर कॉलेज को एक लाख से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गईं हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को हाईस्कूल की एक लाख 51 हजार तथा बिजनौर इंटर कॉलेज को एक लाख 44 हजार काॅपियां आवंटित की गईं हैं। जिले के अधिकारी उत्तर पुस्तिकाओं का समय से मूल्यांकन कराने के लिए जुटे हुए हैं।