शहर की शोभा बना नगर पालिका का मिनी पार्क
नगीना(बिजनौर)। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत नगर पालिका कार्यालय परिसर को प्रदूषण रहित, हरा भरा व स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन ने एक मिनी पार्क का निर्माण कराया है। करीब 300 वर्ग मीटर की खाली पड़ी आराजी में लाखों रुपये की लागत से निर्मित मिनी पार्क लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग पार्क में घूमने आते हैं और सेल्फी लेते हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि कार्यालय की आराजी पर बाहरी लोगों द्वारा अपने वाहन खड़े कर अतिक्रमण करने वाले लोगों से निजात पाने तथा पालिका कार्यालय को सुंदर व आकर्षक बनाने के उद्देश्य से पालिका के प्रधान लिपिक लाल बहादुर वाल्मीकि की देखरेख में पालिका कार्यालय में खाली पड़ी आराजी पर एक मिनी पार्क का निर्माण कराया गया है। पालिका द्वारा बनाए गए पार्क में चारों तरफ हरे भरे पौधे लगाए गए हैं तथा पूरे पार्क को सुगंधित फूलों के पौधे से सजाया गया है। उन्होंने बताया कि पालिका में आने वाले आम लोगों की बैठने के लिए भी एक दर्जन सीमेंटेड बेंच भी लगाई गई हैं। पार्क में सभासदों व पालिका अधिकारियों के बैठने व मीटिंग करने के लिए एक लकड़ी की आकर्षक झोपड़ी का भी निर्माण कराया गया है। ईओ ने बताया की बुजुर्ग व युवा सुबह शाम पालिका पार्क में घूमने के लिए भी आने लगे हैं। पालिका सभासदों व गणमान्य लोगों का कहना है कि हरे भरे मिनी पार्क के बन जाने से अनाधिकृत रूप से खड़े होने वाले वाहनों से होने वाले प्रदूषण से निजात मिलेगी और छायादार पौधों के लगने से पर्यावरण भी शुद्ध होगा। प्रधान लिपिक लाल बहादुर वाल्मीकि का कहना है की आने वाले दिनों में पार्क को और विकसित कराने के उद्देश्य से पानी के फव्वारे व बच्चों के झूले लगवाए जाएंगे।