मानसून के दौरान वनों में सतर्कता बढ़ी, अंतरराज्यीय गश्त शुरू
कालागढ़। मानसून के दौरान वनों में वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ाने का दावा किया है। वहीं अंतरराज्यीय गश्त कर वन्य जीवों पर निगाह रखी जा रही है।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वनों में ऑपरेशन मानसून के दौरान सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग की उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की संयुक्त टीमों ने गश्त शुरू कर दी है। वनों के मार्गों, दुर्गम इलाकों के अलावा आसपास की आबादी में गश्ती दल वन्य जीवों पर खास निगाह रखे हैं। कालागढ़ टाइगर रिजर्व के डीएफओ एके त्रिपाठी का कहना है कि ऑपरेशन मानसून शुरू हो गया है। जिसमें अंतरराज्यीय गश्त रविवार से शुरू की गई है। सोना नदी, पाखरों, बिजनौर के नजीबाबाद वन प्रभाग के रेंज अधिकारी किशोर नौटियाल, संदीप गिरी व मोहम्मद इरफान गश्ती दलों के साथ संयुक्त गश्त कर रहे हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर गश्त की जा रही है। कोटकादर के मेले में भी गश्ती दल ने वन्य जीवों पर निगाह रखी है। गश्ती दल वन विभाग की वर्दी में व सादी वर्दी में गश्त कर रहे है। उधर, कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी के अनुसार कालागढ़, ढेला व झिरना व बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के गश्ती दल संयुक्त रूप से गश्त पर है। कहीं से कोई संदिग्ध व आपत्तिजनक मामले की सूचना नहीं है। इसके अलावा बारिश के दौरान सांपों को देखते हुए एंटी वैनम किट सभी स्थानों पर आ चुकी है।