बिजनौर। संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक ने जिला अस्पताल एवं सीएचसी हल्दौर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ को अस्पताल में स्वच्छता एवं अच्छे रखरखाव के निर्देश दिए। इसके बाद जेडी ने मुख्य चिकित्साधिकारी और अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों की बैठक ली।
बृहस्पतिवार को मुरादाबाद के संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डा. एस.पी. अग्रवाल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएमएस राकेश दूबे से अस्पताल के अभिलेखों के बारे में जानकारी की और अस्पताल की आवश्यकताओं के बारे में पूछा। सीएमएस ने अस्पताल के लिए दो सर्जन, दो ऑर्थोपैडिक सर्जन, दो फिजीशियन, एनेस्थिसिया तथा इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर आदि चिकित्सकों की मांग की और अस्पताल में दवाओं की कमियों की भी लिस्ट जेडी को सौंपी। उधर, महिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे संयुक्त निदेशक के सामने सीएमएस आभा वर्मा ने भी चिकित्सकों की कमी पूरी करने की गुहार लगाई। उन्होंने महिला अस्पताल के लिए बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों और अस्पतालों में दवाओं आदि की किल्लत दूर कराने को कहा। इसके बाद संयुक्त निदेशक सीएमओ ऑफिस पहुंचे और सीएमओ राकेश मित्तल सहित एसीएमओ और अन्य चिकित्सकों की बैठक ली। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि शासन से मिलने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों को निर्बाध रूप से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए चिकित्सकों को समय-समय पर टिप्स देने के लिए कहा। इस अवसर पर सीएमओ राकेश मित्तल, एसीएमओ पी.आर. नायर, बी.एस. रावत, ब्रजभूषण, रोहताश सिंह आदि मौजूद रहे।