नगर पंचायत झालू में सभासदों ने किया हंगामा
बिजनौर। नगर पंचायत झालू में कई सभासदों ने बुधवार को अपने बैठने के लिए अलग से कमरा देने की मांग करते हुए हंगामा किया। चेयरमैन शहजाद अहमद के साथ बदसलूकी की गई। सूचना पर पुलिस और चेयरमैन के समर्थक भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद मामला शांत हो गया।
चेयरमैन शहजाद अहमद बुधवार को दिन में अपने कार्यालय में बैठे थे। करीब एक बजे सभासद मधवा, उपेंद्र, नसरीन, कासिफ कार्यालय में पहुंचे और अपने लिए अलग से कक्ष खोलने की जिद करने लगे। चेयरमैन के मुताबिक उन्होंने कमरा देने से मना किया तो सभासदों ने उनके साथ बदसलूकी की। सभासदों ने रजाई बांटने का भी विरोध किया। कार्यालय में हंगामा होता देख आसपास के लोग वहां पहुंच। चेयरमैन शहजाद ने पुलिस बुला ली तब जाकर ये सभासद वहां से गए। शहजाद अहमद के मुताबिक कुछ लोगों की साजिश की वजह से सभासदों ने यह हंगामा किया है। सभासद नहीं चाहते कि कोई काम हो। वह काम में अड़ंगा लगाना चाहते हैं। चेयरमैन ने कहा कि वह किसी के दबाव में काम नहीं करेंगे। उधर, सभासदों का कहना है कि वह अपने हक के लिए कमरा मांग रहे हैं। उनके बैठने को कोई जगह नहीं है। चेयरमैन के साथ बदसलूकी का आरोप गलत है।