बिजनौर। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय स्थित पांच अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी की। इससे सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों व स्टाफ की पोशाक पर नेम प्लेट नहीं मिलने पर डीएम की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
प्रशासन की और से समय - समय पर अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की जा रही है। देखा जा रहा है कि कही पर कोई गड़बड़ी तो नहीं हो रही हैं। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिशिर कुमार व एसीएमओ डा.प्रमोद कुमार ने शनिवार को श्री हास्पिटल, गायत्री नर्सिंगहोम, एमएस नर्सिंगहोम, शक्ति नर्सिंगहोम स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर व लक्ष्य अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारा। टीम को लक्ष्य अल्ट्रासाउंड सेंटर पर सीएमओ द्वारा जारी किया गया फार्म बी मिला, जबकि फार्म बी डीएम द्वारा जारी किया जाता है। श्री हास्पिटल में सब कुछ सहीं मिला। इसके अलावा बाकी सभी सेंटरों पर चिकित्सक व अन्य स्टाफ की पोशाक पर नेमप्लेट नहीं मिली है। इस बात को लेकर टीम नाराज हैं। टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दे दी हैं। एसीएमओ डा.प्रमोद कुमार के मुताबिक सभी सेंटरों को डीएम स्तर से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से चलाई जा रही मुखबिर योजना के अंतर्गत अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर गुपचुप तरीके से ग्राहक भेजे जा रहे हैं। किसी भी सेंटर पर भ्रूण लिंग की जांच पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद खुर्शीद अहमद व अवनीश कुमार मौजूद रहे।