शिवाला कलां(बिजनौर)। नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर मंगलवार की सुबह गांव फीना के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पति ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार सुबह छह बजे धामपुर थाना क्षेत्र के गांव बक्शनपुर निवासी नरेंद्र अपने परिवार की महिला विमला (45) को नौगांवा क्षेत्र के गांव दासपुर से दवाई दिलाकर वापस लौट रहा था। नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर गांव फीना के पास उनकी बाइक को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में विमला की मौके पर ही मौत हो गई । नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी नूरपुर में भर्ती कराया । यहां से उसे रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतका के पति कोमल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।