युवक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार किया
अमर उजाला ब्यूरो
हरेवली । ससुराल में रह रहे एक युवक ने गृह-क्लेश में जान दे दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया है।
बढ़ापुर थाने के गांव सांरगवाला निवासी कमल सिंह (33) पुत्र कलवा पत्नी राजवती और चार बच्चों के साथ ससुराल नागरपुर खड़क सैन में रहता था। पत्नी के मायके वाले अलग रहते हैं। रविवार को किसी बात लेकर दंपति में कहासुनी हो गई। युवक घर से रस्सी लेकर जंगल निकल गया। उसने जंगल में जाकर एक शीशम के पेड़ पर लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन भी गांव में पहुंच गए। मौजूदा ग्रामीणों के बीच मृतक के परिजनों ने घटना के संबंध में किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया। वहीं, एसओ शिशुपाल शर्मा का कहना है कि तहरीर मिलने पर ही जांच कर कार्रवाई होगी।