डीआईओएस ने प्रधानाचायों को नोटिस भेज पौधरोपण कार्यक्रम की आख्या मांगी
बिजनौर। शासन के निर्देश पर स्कूल एवं कॉलेजों में चलाए गए पौधारोपण कार्यक्रम में इंटर कॉलेजों द्वारा रुचि नहीं लेने पर डीआईओएस ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों से कार्यक्रम की आख्या कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिले के सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजा गया है।
डीआईओएस राजेश कुमार के मुताबिक जिले के सभी राजकीय, अशासकीय, वित्तविहीन व मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेजों में एक से सात जुलाई तक पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाना था। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों को 40-40 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था। जिले के सभी स्कूलों में 10140 पौधे लगाने के निर्देश दिए गए थे। शासन के निर्देश पर चले इस अभियान में कॉलेजों द्वारा रुचि नहीं लेने का मामला संज्ञान में आ रहा है। डीआईओएस ने जिले के सभी प्रधानाचार्यो को नोटिस भेज कर पौधरोपण कार्यक्रम की आख्या कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो दिन के भीतर सूचना देने को कहा है।
स्कूल में किया गया पौधारोपण
फोटो 01
बिजनौर। एएन इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को शिक्षकों तथा छात्रों ने मिलकर पौधरोपण किया तथा बच्चों को पौधे लगाने केलिए प्रेरित किया गया।
बुधवार को ए एन इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य डॉ. सरजीत सिंह के नेतृत्व में स्कूल की शिक्षिकाओं, शिक्षकों व छात्रों ने मिलकर पौधरोपण किया। इस मौके पर छात्रों को पर्यावरण केबारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों को घरों में भी पौधारोपण करने पर जोर दिया गया। वातावरण को संतुलित बनाए रखने केलिए पौधरोपण को आवश्यक बताया। इस मौके पर शिक्षक राहुल, अर्चना चौधरी, मेराज अहमद, श्रवण कुमार, बाली, एस द्विवेदी, अर्जुन व नेहा शर्मा आदि ने सहयोग किया
------------------
छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा 2017 में विज्ञान वर्ग, वाणिज्य व मानविकी वर्ग के मेधावी छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यूपीबोर्ड के 11460 छात्रों को 3:2:1 केअनुपात में छात्रवृत्ति दी जानी है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर फार्म उपलब्ध है। आवेदन ऑन लाइन किए जाने हैं। आवेदन में अंकित राष्ट्रीयकृत बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक होना आवश्यक है।