पीएचसी प्रभारी के खिलाफ जांच एसीएमओ को सौंपी
बिजनौर।
नजीबाबाद क्षेत्र की आशाओं व संगनियों ने एसीएमओ व पीएचसी प्रभारी डॉ. रोहताश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनकी शिकायत पर सीएमओ ने मामले की जांच एसीएमओ डॉ. पीआर नायर को सौंपी है।
नजीबाबाद की आशाओं व संगनियों ने सोमवार को सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल से मिलकर आरोप लगाया कि डॉ. रोहताश उनके साथ अभद्रता व गाली-गलौज करते हैं। इसका विरोध करने पर उन्हें कार्य से हटाने व जेल भेजने की धमकी देते हैं। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर जोर दिया जाता है, लेकिन सरकारी अस्पताल नजीबाबाद में तैनात महिला चिकित्सक व स्टाफ उनसे अभद्र व्यवहार करती हैं। मरीज की देखभाल भी ठीक से नहीं करतीं। आशा व संगनी के शिकायत करने पर मरीज को कही और ले जाने को कहा जाता है। प्रसव के दौरान सारी दवाइयां मरीज के तीमारदारों से मंगवाई जाती हैं और सारी जांच भी प्राइवेट लैब से कराती हैं। उन्होंने एसीएमओ डॉ. रोहताश से इसकी शिकायत की तो उन्हें जेल भेजने व सस्पेंड करने की धमकी दी गई। इस दौरान कविता, बबीता, रीता देवी, मोबीना, रेनू, उषा देवी, गुड्डी मिथलेश, कांती, मधु, किरन गौतम, नरेशा देवी, हेमलता आदि मौजूद रहीं।