गन्ना सर्वेक्षण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीसीओ
बिजनौर। बिजनौर व बिलाई चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना सर्वेक्षण कराने के लिए मिल अफसरों की बैठक ली गई। दोनों मिलों में गन्ना सर्वे जल्द कराने के लिए कहा गया।
डीसीओ ओपी सिंह ने कहा कि बिजनौर चीनी मिल का रकबा 8200 व बिलाई चीनी मिल का रकबा 23 हजार हेक्टेयर है। बिजनौर में सर्वे के लिए 13 व बिलाई क्षेत्र में 46 टीमें लगाई जाएंगी। डीसीओ ने कहा कि विगत साल के सर्किल इंचार्ज को इस बार उस सर्किल में न रखा जाए। कृषक से घोषणा पत्र जरूर भरवाएं। घोषणा पत्र में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक की पासबुक की फोटो कॉपी सर्वेयर को उपलब्ध कराई जाएं। सर्वे में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपर सांख्यिकी अधिकारी विकल भारती ने कहा कि जिस क्षेत्र में सर्वे हो वहां पर तीन दिन पहले ही किसानों को सूचित कर दिया जाए। सर्वे के बाद सभी किसानों के मोबाइल पर एसएमएस की जाएं। सर्वे संबंधी आंकड़े चीनी मिल दैनिक रूप से अपलोड करेंगी। इस दौरान बिजनौर मिल के जीएम इसरार अहमद, एससीडीआई दालेश्वर मिश्र, गन्ना महाप्रबंधक राहुल चौधरी, बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह, प्रेम सिंह, ओमप्रकाश, संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।