शनिदेव मंदिर में नवग्रह मूर्तियां खंडित
नजीबाबाद। शनिदेव के मंदिर में एक युवक ने नवग्रह की मूर्तियां खंडित कर दीं। मूर्तियां खंडित होने से श्रद्धालु में रोष फैल गया। घटना स्थल से एक युवक को रंगेहाथ पकड़कर उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। मूर्तियां खंडित होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुुंचकर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया और मंदिर में नई मूर्तियां स्थापित कराने का आश्वासन देकर श्रद्धालुओं को शांत किया।
नगर में मोहल्ला भवन स्थित जाहरवीर दीवान गोरखनाथ का मंदिर है। मंदिर परिसर में मंदिर श्री नवग्रह शनिदेव का मंदिर है। हाल ही में भगवान शनिदेव सहित नवग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मूर्तियां स्थापित की गईं थीं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे पुजारी शिवदत्त किसी काम से कुछ समय के लिए मंदिर छोड़कर निकले। उसी दौरान एक युवक मंदिर में घुस आया। युवक ने भगवान शनिदेव के चोरों और लगीं नवग्रह राहु, केतु, बृहस्पति, चंद्रमा, बुुध की एक-एक कर पांच मूर्ति खंडित कर दी। इसी दौरान पुजारी लौट आए और युवक को पकड़कर शोर मचाया। पुजारी का शोर-शराबा सुनकर सतीश, नितिन, अंकुर, शिवकुमार, महेंद्र आकाश, रिंकू, छोटू, दौलत, संजू श्रद्धालु और आसपास के लोग मंदिर परिसर पहुंचें। मूर्तियां खंडित होने से श्रद्धालु आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई की। मूर्तियां खंडित होने की खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी संजय पांचाल की निर्देशन में एसआई संजय कुुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया और मंदिर में नई मूर्तियां स्थापित कराने का आश्वासन देकर श्रद्धालुओं को शांत किया।
हिंदू संगठन व भाजपाई थाने पहुंचे
मूर्ति खंडित होने की सूचना पर हिंदू संगठन और भाजपाई पंडित हर्षवर्धन, शुभम ग्रोवर, विक्रांत चौधरी, तनु गोयल, दीपक गोयल, अमित कौशिक, पंकज शर्मा, सुधीर, अजय कुमार, सुखदेव, अंकुर सहित कई लोग थाने पहुंचे। मंदिर के पुजारी शिवदत्त ने आरोपी युवक विनोद के खिलाफ तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
मानसिक रूप से अस्वस्थ है आरोपी
थाना प्रभारी संजय पांचाल का कहना है कि मूर्ति खंडित करने वाला युवक मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है। फिलहाल पुलिस ने युवक को मेडिकल के लिए भेजा है। युवक के दिव्यांग होने पर उसे प्रेमधाम आश्रम भेजा जाएगा। उधर, आरोपी विनोद ने स्वयं को राजोपुर फर्रूखाबाद निवासी बताया जबकि उसके हाथ पर मनोज नाम लिखा हुआ था।