10 जनवरी को बिजनौर चीनी मिल गेट पर धरना देगी आकियू
बिजनौर। आजाद किसान यूनियन की मासिक पंचायत में किसानों के बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की गई। साथ ही नौ जनवरी तक भुगतान नहीं होने पर 10 जनवरी को बिजनौर चीनी मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
शुक्रवार को गांव रशीदपुर गढ़ी स्थित नीरु पहलवान के आवास पर आकियू की ओर से मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शासनादेश के बाद भी चीनी मिलें किसानों का गन्ने का बकाया मूल्य भुगतान नहीं कर रही हैं। कई बार किसान भुगतान कराने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन मिल प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिला गन्ना अधिकारी से शीघ्र ही किसानों का पेमेंट कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि नौ जनवरी तक किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो 10 जनवरी से किसान आकियू के बैनर तले बिजनौर चीनी मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर सतेंद्र राठी, अमर सिंह, लक्की बालियान, बादल बालियान, आमोद कुमार, अश्वनी कुमार, मुनेश्वर सिंह, सत्यपाल सिंह, सुभाष, ओमकुमार आदि मौजूद रहे।