किसानों के एलान से अधिकारियों में हड़कंप
चांदपुर। पिछले साल के गन्ना बकाया भुगतान के लिए किसानों का तहसील में धरना जारी रहा। किसानों ने 12 जनवरी को जिले भर की सड़कों और रेलवे ट्रैक पर महापंचायत करने की घोषणा की है। इसके लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। किसानों के एलान से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अफसर मिल अधिकारियों पर जल्द से जल्द भुगतान करने का दबाव बना रहे हैं। बृहस्पतिवार को बिलाई मिल ने 1.39 करोड़ का भुगतान किया है।
धरने में किसानों ने कहा कि किसान को हर बार भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। लेकिन अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। मंडल महासचिव अतुल कुमार ने कहा कि प्रशासन पिछले साल का समस्त गन्ना भुगतान करने के लिए दस जनवरी तक का समय मांग रहा है। गन्ना भुगतान न होने पर अब 12 जनवरी को महापंचायत की जाएगी। लेकिन किसान अब अधिकारियों के सामने महापंचायत नहीं करेंगे। किसान सड़कों और रेलवे ट्रैक पर महापंचायत करेंगे। इस बार किसान अधिकारियों के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। आर पार की लड़ाई लड़कर किसानों को भुगतान दिलाया जाएगा। धरने में लुधियान सिंह, रामपाल सिंह, अशोक कुमार, जिला मीडिया प्रभारी संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
बिलाई मिल ने 1.39 करोड़ का भुगतान किया
किसानों के उग्र आंदोलन को देखते हुए बिलाई चीनी मिल भी हरकत में आई हैं। बिलाई मिल ने बृहस्पतिवार को 1.39 करोड़ का भुगतान किया है। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार गन्ना भुगतान कराने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।