शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का करें टीकाकरण: सीडीओ
बिजनौर। सीडीओ प्रवीण मिश्र ने प्रत्येक स्वास्थ्य व सामुदायिक केंद्र, आंगनबाड़ी आदि केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के प्रसव पूर्व खून की जांच व टीकाकरण के निर्देश दिए। आशाओं के तत्काल भुगतान के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ ने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नि:शुल्क रूप में पूर्ण गुणवत्ता के साथ जनसामान्य को प्राप्त हो। सीडीओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आशाओं के भुगतान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। अगर आशाओं का भुगतान समय पर नहीं होगा तो वह कार्य में रुचि नहीं लेंगी और लापरवाही बरतेंगी। उन्होंने संस्थागत प्रसव में गिरावट के प्रति गंभीरता प्रकट करते हुए सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना का लक्ष्य मानक के अनुरूप पूरा करना सुनिश्चित करें। स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच में पाई जाने वाली कमी पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर समस्या है। इसका तत्काल निदान आवश्यक है। उन्होंने एंबुलेंस सेवा 102 व 108 की सेवा मानक के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिकायत मिल रही है कि एंबुलेंस चालक कमीशन के लालच में गर्भवती महिलाओं को प्राइवेट अस्पतालों में ले जाते हैं। इस प्रवृति से शासन की छवि धूमिल होती है और संस्थागत प्रसव का लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पाता। इस प्रकार का कार्य करने वाले एंबुलेंस चालक को तत्काल प्रभाव से हटा कर उन्हें दंडित किया जाए। इस दौरान सीएमओ डा.राकेश मित्तल, जिला मलेरिया अधिकारी बृजभूषण आदि मौजूद रहे।