बिजनौर। आजाद किसान यूनियन और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल में मरम्मत कार्य शुरू न होने के विरोध में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों ने शुक्रवार को कोतवाली शहर में गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है।
आजाद किसान यूनियन और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने मिल में मरम्मत जल्दी शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को किसान गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि मिल अधिकारी किसानों के सब्र का इम्तिहान ले रहे हैं। किसान का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के बीच गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह व बिजनौर मिल के यूनिट हैड इसरार अहमद पहुंचे। किसानों ने गन्ना भुगतान एकमुश्त दिलाने तथा मिलों की मरम्मत बृहस्पतिवार को ही शुरू कराने की मांग की। यूनिट हैड ने कुछ दिन में मरम्मत शुरू कराने की बात कही। इस पर किसान भड़क गए। किसानों ने धरने को अनिश्चितकालीन घोषित कर दिया। उन्होंने मिल अधिकारियों को शुक्रवार सुबह दस बजे तक का समय दिया गया है। किसानों ने कहा कि अगर मिलों में मरम्मत शुरू नहीं कराई गई तो किसान बिजनौर कोतवाली में जाकर गिरफ्तारी देंगे। धरने की अध्यक्षता पूर्व प्रधान राजपाल सिंह कंभौरी व संचालन सतेेंद्र राठी ने किया। धरने में आजाद किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महामंत्री कैलाश लांबा, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, एमपी सिंह, शकील अहमद, सुभाष काकरान, बिट्टू, गिरिराज सिंह, वेदप्रकाश, रामपाल सिंह, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।