हसनपुर। उमस भरी गर्मी में नगर में सत्रह घंटे बिजली गुल रही। गर्मी से बेहाल लोग बिलबिला उठे। ढक्का के पास 33000 केवीए के अंडर ग्राउंड केबल में फाल्ट होने से गुरुवार शाम छह बजे से शुक्रवार सुबह 11 बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही। बाद में गजरौला से लाइन जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर में गुरुवार की शाम छह बजे बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मचारियों ने लाइन चेक किया तो दाऊदपुर में केबल बॉक्स जला हुआ पाया गया। लेकिन इसके बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। बाद में तब रात्रि में लाइन की पेट्रोलिंग कराई गई तो इंसुलेटर खराब मिला। जिसे कर्मचारियों ने ठीक किया। इसके बाद भी बिजली सप्लाई नहीं शुरू हो सकी। दोनों जगह लाइन दुरुस्त होने के बाद भी सप्लाई नहीं होने से कर्मचारी हैरान हो गए। बाद में पता चला कि ढक्का के निकट 33000 केवीए के अंडर ग्राउंड केबिल में फाल्ट हो गया। जिसे ठीक करने में समय लगेगा। गर्मी में परेशान लोगों को राहत देने के लिए गजरौला से लाइन जोड़कर नगर में बिजली आपूर्ति की गई। इसके बाद लोगों गर्मी से राहत मिली।