अमरोहा। ट्रक चालक व परिचालक ने 100 नंबर पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, जिसमें मामला मारपीट का निकला है। पुलिस ने चालक व परिचालक को झूठी सूचना देने पर जमकर फटकार लगाई और हिदायत देकर छोड़ दिया है।
शनिवार की रात एक ट्रक अमरोहा से कांठ जा रहा था। ट्रक का चालक अंकुर था, लेकिन परिचालक दानिश ट्रक चला रहा था। जैसे ही ट्रक देहात थाना क्षेत्र में पहुंचा तभी ट्रक की साइड एक स्कार्पियो कार से लग गई। जिससे नाराज कार सवार युवकों ने चालक और परिचालक की पिटाई कर दी। पिटाई से नाराज चालक और परिचालक ने 100 नंबर पर फोन कर लूट की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुनील कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। चालक परिचाल से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध पाया गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक पिटाई से आहत होकर चालक परिचालक ने पुलिस के जल्दी पहुंचे के उद्देश्य से झूठी सूचना दे दी थी।