बिजनौर । परिषदीय स्कूलों की रंगाई पुताई शिक्षकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। शिक्षकों ने बीएसए से रंगाई पुताई के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है। बिना धनराशि के शिक्षकों पर दबाव नहीं बनाने को कहा है।
वित्तीय वर्ष 2017-18 में परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की रंगाई पुताई के लिए अभी तक धनराशि स्कूलों के खातों में नहीं भेजी गई है। सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय की माने तो शासन से इस मद के लिए अभी तक धनराशि भी नहीं आई है। पर बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने शिक्षकों से स्कूलों की रंगाई पुताई कराने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। विगत वर्ष रंगाई पुताई के लिए स्कूलों में सात हजार से लेकर दस हजार रुपये तक भेजे गए थे। अभी तक धनराशि नहीं आने से शिक्षक परेशान हैं। शिक्षक नेता रूपेश चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल राठी, अरविंद चौधरी , राजीव चौधरी ने बीएसए से स्कूलों की रंगाई पुताई के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है। दूसरी ओर, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव मंत्री दुष्यंत कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार और मंत्री प्रशांत सिंह ने बताया कि शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बनाया गया तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। उधर, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी जगदीश सिंह के मुताबिक अभी तक रंगाई पुताई के लिए धनराशि नहीं मिली है। धनराशि आते ही खातों में हस्तनांतरित कर दी जाएगी।