नजीबाबाद । उप्र माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की बैठक में सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर रोष व्यक्त किया गया। शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सात जनवरी 2018 को नगीना में संघर्ष की रणनीति तैयार करने के लिए बैठक बुलाई है।
उप्र माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की बैठक जिलाध्यक्ष मुकेश सिन्हा के आवास पर आयोजित की गई। अंशुल कुमार के संचालन में आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की प्रोन्नति सहित विभिन्न मांगों के प्रति शिक्षा विभाग और सरकार की नीतियों पर रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों ने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित रहने के संकल्प के साथ संघर्ष की रूपरेखा तैयार करने के लिए सात जनवरी 2018 को सुबह दस बजे हिंदू इंटर कॉलेज में सभा आयोजित करने का निर्णय लिया। बैठक में मो. यामीन, अनुज चतुर्वेदी, भीमसेन हल्दिया, लक्ष्मी विलास उनियाल, अश्वनी कुमार, ब्रजपाल सिंह, अमित कुमार, मुकेश कुमार, ब्रजवीर सिंह सहित कई कर्मचारी शामिल हुए।