रायपुर सादात/नजीबाबाद । गांव मिर्जापुर के निकट रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव से कुछ फासले पर पड़े मोबाइल से मृतक की पहचान मिर्जापुर निवासी बबलू के रूप में की।
मिर्जापुर निवासी बबलू (45) का शव शुक्रवार सुबह बुरी तरह कटा हुआ रेल लाइन पर पड़ा मिला। क्षेत्रवासियों की सूचना पर 100 डायल यूपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव से कुछ फासले पर पड़े मोबाइल से पहचान होने के बाद पुलिस ने मोबाइल से उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के अनुसार बबलू के पास हजारों रुपये की धनराशि थी। वह बृहस्पतिवार को चारा काटने की मशीन खरीदने की बात कहकर घर से गया था, लेकिन रात को घर वापस नहीं आया। परिजनों ने बबलू की नगदी छीनकर उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने रेलवे की डाउन लाइन पर पड़ा मिला शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।