बिजनौर। तेज बारिश के बीच जिले भर में बकरीद की नमाज सादगीपूर्वक अदा की गई। मुल्क में अमन और तरक्की की दुआ में हजारों हाथ उठे। सभी ने एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
शनिवार सुबह तेज बारिश के बाद भी लोग नमाज अदा करने ईदगाह पहुंचे। मुफ्ती वकार ने नमाजियों को खिताब करते हुए कहा कि हिंदुस्तान दुनिया का सबसे खूबसूरत देश है। इस्लाम इस्लाम मोहब्बत का पैगाम देता है। कहा कि इल्म (शिक्षा) के बिना कोई भी समाज या मुल्क तरक्की नहीं कर सकता है। शहर काजी ताहिर अजी के बेटे नायब शहर काजी माजिद अली ने एक दूसरे के दुख-सुख में शरीक होने की अपील करते हुए ईद की नमाज अदा कराई। डीएम जगतराज, एसपी अतुल शर्मा, पूर्व विधायक रुचि वीरा, एडीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, एसपी सिटी रामधारी चौरसिया, एसडीएम सत्येंद्र कुमार, सीओ सिटी योगेंद्र पाल सिंह आदि ने नायब शहर काजी माजिद अली को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
स्योहारा में भी बारिश के बावजूद ईदगाह में शहर इमाम मौलाना कामिल ने ईद की नमाज अदा कराई। अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित, प्रेस क्लब संरक्षक डा. मनोज वर्मा, व्यापार मंडल नेता अरुण वर्मा सभी को मुबारकबाद दी। इसके अलावा नगर की एमक्यू मस्जिद, जामा मस्जिद, शाही मस्जिद, मियां बुल्लनशाह मस्जिद समेत अनेक मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई ।
नूरपुर में ईदगाह पर शहर इमाम मोहम्मद अली ने नमाज अदा कराई। राजा का ताजपुर में ईदगाह पर शहर इमाम कारी नसीम अहमद ने नमाज अदा कराई। नगीना में ईदगाह पर इमाम मौलाना महमदुल हसन कासमी और जामा मस्जिद में मौलाना बिलाल अहमद ने अदा कराई। इस अवसर पर कांग्रेस के बाबू डूंगर सिंह, नगराध्यक्ष सरदयाल गुरदयाल सिंह, सपा विधायक मनोज पारस, धर्मेंद्र पारस, पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान, शेख शाहनवाज खलील, रईस कुरैशी आदि ने लोगों को मुबारकबाद दी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एडीएम वित्त सुरेंद्र राम, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, एसडीएम शिशिर कुमार, तहसीलदार नवनीत गोयल, कानूनगो बिजेंद्र सिंह, बृजमोहन, गजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।