फायर सर्विस स्टेशन का भवन जमीदोज
कालागढ़ (बिजनौर)।
एनजीटी के आदेश का पालन कर रामगंगा बांध परियोजना के फायर सर्विस स्टेशन के भवन को प्रशासन ने जेसीबी से जमींदोज करा दिया। सिंचाई कार्यशाला की भूमि कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन को सौंप दी गई है। एसडीएम राकेश कुमार तिवारी के अनुसार, 17 जुलाई को एनजीटी के समक्ष प्रशासन को पक्ष रखना है।
सोमवार को प्रशासन, वन विभाग व रामगंगा बांध परियोजना के अधिकारियों की बैठक रामगंगा भवन में हुई। इसमें एनजीटी के आदेश के तहत रामगंगा बांध परियोजना की भूमि वन विभाग को सौंपे जाने पर विमर्श हुआ। बैठक में सिंचाई कार्यशाला की 2.26 हैक्टेयर भूमि वन विभाग को सौंपने पर सहमति बनी। मौके पर मौजूद कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी रमाकांत तिवारी ने इसे विभाग के अधीन ले लिया। इसके बाद प्रशासनिक अमला रामगंगा बांध परियोजना के फायर स्टेशन पहुंचा और उसका भवन जेसीबी से जमींदोज करा दिया। यहां रामाकांत तिवारी ने बताया कि सिंचाई विभाग कार्यशाला की 2.26 हैक्टेयर भूमि की तार फैंसिंग कर उसमें वृक्षारोपण किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम आरके तिवारी, सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड के ईई शेर सिंह भी मौजूद रहे।