चांदपुर। दुष्कर्म की झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने वाली बब्बू लंगड़ा गैंग के खिलाफ अब चांदपुर में मामला दर्ज हुआ है। इस गिरोह के खिलाफ जिले में अब तक 18 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। गिरोह के सरगना बब्बू लंगड़ा और सात महिलाओं समेत 12 आरोपियों को जेल भी भेजा चुका है।
थाना चांदपुर में मोहल्ला शाहचंदन निवासी अफसाना ने शिकायत में कहा कि उसने 2022 में ससुरालियों नूर मोहम्मद उर्फ काला, दानिश, सलमा बेगम, अफशा, मुस्तकीम उर्फ मुन्ना और तसलीम उर्फ गामा के खिलाफ दहेज संबंधी मुकदमा दर्ज कराया था। 10 अगस्त की शाम करीब छह बजे दिलशाद, तसलीम उर्फ गामा और दानिश उसके पास आए और मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया।
आरोपियों ने उसके भाई को झूठे गैंगरेप आदि केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। इसके बाद आरोपियों ने बब्बू लंगड़ा गिरोह से मिलकर उसके भाई के खिलाफ थाना मंडावर में दुष्कर्म की झूठी प्राथमिकी दर्ज करा दी थी और दहेज एक्ट का मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया।
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस ने दिलशाद निवासी झालू, तसलीम उर्फ गामा, दानिश, धर्मेंद्र, कृति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दुष्कर्म के झूठे मामले दर्ज कराने वाले गिरोह के खिलाफ अब तक 18 मामले दर्ज हो चुके हैं।