‘विकास कराना मोदी सरकार का लक्ष्य’
बिजनौर। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिले की अनेक सड़कों के फोरलेन व चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। बिजनौर में भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह व भाजपा नेता सत्यवीर त्यागी ने पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में इसका फीता काटकर शिलान्यास किया।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिले की 39 किलोमीटर लंबे बिजनौर-मंडावर-मंडावली मार्ग के चौड़ीकरण, 66 किलोमीटर लंबे बदायूं मार्ग के फोरलेन, 74 किलोमीटर लंबे कोतवाली-नहटौर-नूरपुर-अमरोहा-जोया के फोरलेन, पुरकाजी-लक्सर-हरिद्वार के फोरलेन, गजरौला-धामपुर मार्ग के फोरलेन व चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। सांसद ने खारी से गोपालपुर मार्ग, पेदी से नंगला, चांदपुर-दत्तियाना मार्ग से ईदगाह मार्ग, पानीपत खटीमा मार्ग का शिलान्यास किया। सांसद ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने जिले के विकास के लिए कई फोरलेन मार्ग दिए हैं। कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य विकास है। बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुनील सागर, भाजपा युवा मोर्चे के जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, आयुष चौहान, पूनम गोयल, हरजिंदर कौर, जितेंद्र राजपूत, संजय त्यागी, मिथुन पवार, मनोज कुमार, नरेंद्र पहलवान, रूपेंद्र, ललित आदि रहे।
जिले में बिछाएंगे फोरलेन सड़कों का जाल
चार बड़ी सड़कों को फोरलेन बनाने को सैद्धांतिक मंजूरी मिली
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर। बिजनौर में दो सड़कों को छोड़कर सभी सड़क फोरलेन हो जाएगी। जिले की चार सड़कों को फोरलेन बनाने की हरी झंडी मिल गई है। इन सड़कों पर जल्द काम शुरू होने वाला है।
भाजपा शासन में जिले की सभी सड़कों को फोरलेन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बिजनौर में बिजनौर-मुरादाबाद मार्ग फोरलेन हो चुका है। हरिद्वार, नजीबाबाद, नगीना-धामपुर काशीपुर मार्ग पर फोरलेन का काम चल रहा है। मुजफ्फरनगर-बिजनौर कोतवाली मार्ग फोर लेने के लिए स्वीकृत हो चुका है। ये मार्ग कोतवाली देहात में हरिद्वार काशीपुर फोरलेन से जुड़ जाएगा। दिल्ली बिजनौर पौड़ी मार्ग को फोरलेन बनाने को हर झंडी मिल चुकी है। अब चार नई सड़कों को फोरलेन बनाने को मंजूरी मिल गई है। 39 किलोमीटर लंबे बिजनौर-मंडावर-मंडावली मार्ग को आठ करोड़ 58 लाख, 66 किलोमीटर लंबे बंदायू-बिजनौर मार्ग को लगभग 14 करोड़, 74 किलोमीटर लंबे कोतवाली-नहटौर-नूरपुर-अमरोहा जोया मार्ग को लगभग 16 करोड़, 74 किलोमीटर लंबे गजरौला-चांदपुर-नूरपुर धामपुर मार्ग को लगभग 16 करोड़ की लागत से फोरलेन बनाने को सैद्घांतिक मंजूरी मिल गई है। इन सड़कों पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। चार नई सड़कों को फोरलेने बनने से केवल बिजनौर से झालू-नहटौर-धामपुर व हल्दौर से धामपुर मार्ग फोरलेन बनने से वंचित रह जाएगा। बाकी सभी प्रमुख सड़के फोरलेन हो जाएगी। पीडब्लूडी के एक्सईएन सुनील सागर के अनुसार चारों सड़कों को फोरलेन बनाने को सैद्घांतिक मंजूरी मिल गई है।