बिजनौर। प्रदेश सरकार की ओर से जिले को फिल्म यूनिवर्सिटी का तोहफा मिलने जा रहा है। जिले में जल्दी ही फिल्म यूनिवर्सिटी खुलने जा रही है। बिजनौर यूपी का एकमात्र ऐसा जिला होगा जिसमें फिल्म यूनिवर्सिटी खुलेगी। फिल्म यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिल्म निर्माण पाठ्यक्रम व प्रशिक्षण उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा फरवरी में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार ने रॉयल फेम प्रोडक्शन के साथ एमओयू हस्ताक्षर किए। फिल्म यूनिवर्सिटी खोलने के लिए जिले में भूमि चयनित की जा रही है।
डीएम अटल कुमार रॉय ने बताया कि फिल्म यूनिवर्सिटी में रॉयल फेम प्रोडक्शन संस्था के माध्यम से नई प्रतिभाओं की खोज की जाएगी। प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देकर उच्च कोटि का एक्टर, डायरेक्टर, लेखक, सिंगर, एडिटर, म्यूजिक डायरेक्टर, फिल्म मेकर आदि बनाया जाएगा। डीएम ने बताया कि इसके लिए आवश्यकता के अनुसार आधुनिक पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को मुंबई के फिल्म उद्योग की अनुभवी टीम द्वारा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने बताया कि फिल्म एकेडमी के साथ क्लब, मल्टीप्लेक्स, हॉस्टल, शूटिंग कैंपस, प्रिंट मीडिया, न्यूज चैनल, एफएम रेडियो चैनल स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अतिथि गृह का निर्माण भी किया जाएगा। डीएम ने बताया कि फिल्म यूनिवर्सिटी की स्थापना से बिजनौर अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटक शहर बनेगा। इससे रोजगार के नए-नए अवसर भी प्राप्त होंगे और स्थानीय व्यापारियों को मल्टीप्लेक्स क्लब की सुविधा उपलब्ध होगी। शासन एवं जिला प्रशासन को नियमानुसार नए व्यापार सर्जन के अवसर भी प्राप्त होंगे। फिल्म यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त सितारे भी आएंगे। इससे जिला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा और तरक्की के अपार अवसर खुलेंगे।
फिल्मों व सीरियलों की होगी शूटिंग
जिले में इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत फिल्म स्टूडियो भी अलग से खोला जा रहा है। 100 बीघा जमीन में यह फिल्म स्टूडियो खुलेगा। यहां पर फिल्मों व सीरियलों की शूटिंग हुआ करेगी।
लंका की शूटिंग हुई थी बिजनौर में
जिले में पहले भी एक-दो फिल्म की शूटिंग हो चुकी है। साल 2011 में प्रदर्शित बॉलीवुड फिल्म लंका की अधिकतर शूटिंग बिजनौर में हुई थी। इसमें मनोज वाजपेयी ने अहम भूमिका निभाई थी।
बॉलीवुड में पहले से चमक रहा है बिजनौर
बिजनौर जिले से अनेक प्रतिभाएं निकलकर बॉलीवुड को चमका चुकी हैं। अमिताभ बच्चन को दीवार जैसी फिल्म से बॉलीवुड में चमकाने वाले फिल्म निर्देशक प्रकाश मेहरा बिजनौर के थे। वे अपनी फिल्मों की रिलीज के समय बिजनौर आते थे और सिनेमा हॉल पर जाकर दर्शकों को लड्डू बांटते थे। धारावाहिक सावधान इंडिया फेम व कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर चुके सुशांत सिंह भी बिजनौर के हैं।